संयुक्त राष्ट्र की UN-Water Climate Change Report के अनुसार, पिछले दो दशकों से दुनिया भर में जमीन पर जमा मीठे पानी के भंडार में हर साल औसतन करीब 1 सेंटीमीटर की गिरावट आ रही है। मिट्टी की नमी, ग्लेशियर, बर्फ और अन्य स्थलीय स्रोतों में आ रही यह कमी वैश्विक जल चक्र में बदलाव का संकेत है। बढ़ता तापमान, वर्षा के बदलते पैटर्न और वाष्पीकरण में वृद्धि इसके प्रमुख कारण हैं। इस जल संकट का सीधा असर कृषि सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन, पेयजल आपूर्ति और आजीविका पर पड़ रहा है। इससे दुनिया के कई हिस्सों में सूखे और बाढ़ जैसी चरम स्थितियां बढ़ रही हैं। रिपोर्ट में जल संसाधनों की निगरानी मजबूत करने, कुशल उपयोग और जलवायु के अनुकूल प्रबंधन बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
एनवायरमेंट पल्स डेस्क : दुनिया भर में जमीन पर जमा मीठे पानी के भंडार में पिछले दो दशकों से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
संयुक्त राष्ट्र की UN-Water Climate Change Report के अनुसार, मिट्टी की नमी, बर्फ, ग्लेशियर और अन्य स्रोतों में जमा पानी का स्तर औसतन हर साल करीब 1 सेंटीमीटर घट रहा है। इस गिरावट से दुनिया के कई हिस्सों में जल संकट बढ़ रहा है और जलवायु की चरम स्थितियों का असर भी गंभीर हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नदियों के प्रवाह में अनियमितता और ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने से जल सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इसका असर कृषि सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। जिन समुदायों की आजीविका नदियों, भूजल और बर्फ से मिलने वाले पानी पर निर्भर है, उनके सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।
जमीन पर जमा पानी यानी टेरेस्ट्रियल वाटर स्टोरेज में मिट्टी की नमी, बर्फ, हिमखंड, ग्लेशियर और अन्य स्थलीय जल भंडार शामिल होते हैं। इसके स्तर मंक लगातार गिरावट वैश्विक जल चक्र में हो रहे बदलावों का संकेत है। बढ़ता तापमान, वर्षा के बदलते पैटर्न और वाष्पीकरण में वृद्धि इस स्थिति के प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, जल भंडार में कमी के कारण कुछ क्षेत्रों में सूखे की आवृत्ति और गंभीरता बढ़ रही है, जबकि अन्य स्थानों पर अनियमित जल प्रवाह और अचानक अधिक पानी आने से बाढ़ का खतरा बढ़ रहा है। इसका सीधा असर उन क्षेत्रों पर पड़ रहा है जहां खेती के लिए नियमित नदी प्रवाह और भूजल पुनर्भरण जरूरी है।
ग्लेशियरों और बर्फ के पिघलने से मिलने वाले पानी में बदलाव के कारण जलविद्युत उत्पादन भी कम भरोसेमंद होता जा रहा है। पेयजल की उपलब्धता और स्थानीय लोगों की आजीविका पर भी इसका असर पड़ सकता है। UN-Water और संबंधित एजेंसियों ने जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन के उपाय तेज करने, जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने और जलवायु के अनुकूल बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाने की जरूरत बताई है। रिपोर्ट में जल संसाधनों की निगरानी मजबूत करने, पानी के कुशल उपयोग को बढ़ावा देने और जल प्रबंधन को व्यापक जलवायु रणनीतियों का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया है।
जलवायु संबंधी चरम घटनाओं के बढ़ने के बीच जमीन पर जमा मीठे पानी के भंडार में लगातार हो रही कमी दुनिया के लिए गंभीर चेतावनी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से समन्वित प्रयासों की जरूरत है।

