केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सीआईएसफ को दिए निर्देश
अवैध कोयला खनन और चोरी रोकेंगे सीआईएसएफ के जवान

एनवायरमेंट पल्स डेस्क
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में धनबाद और उसके आसपास के इलाकों में अवैध कोयला खनन और कोयले की चोरी रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से कहा है कि झारखंड में अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए ‘जीरो कोयला लीकेज योजना’ लागू की जाए।
गृहमंत्री का यह निर्देश केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद आया है। इस बैठक में अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी की स्थिति पर गहराई से मंथन हुआ।
अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और कोल इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई करने का अधिकार दिया गया है। इस अधिकार में उन्हें अवैध कोयले के भंडारण स्थलों पर छापेमारी करने, तलाशी और जब्ती की कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से निकाले गए कोयले के साथ-साथ उसमें इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और वाहनों को जब्त करने के अधिकार शामिल हैं। यह अधिनियम उन्हें अदालत में इस मामले को दर्ज करवाने की अनुमति भी देता है।
बैठक में गृहमंत्री ने झारखंड के धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन और कोयला चोरी की बढ़ती समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ और कोल इंडिया के अधिकारियों को दिए गए इन अधिकारों का सख्ती के साथ और समन्वित ढंग से उपयोग करना चाहिए।

