पर्यावरण संरक्षण फोर्स में रखे गए हैं रिटायर्ड सैनिक
दुनिया के सबसे ऊंचाई वाले ईकोसिस्टम्स में से एक है लद्दाख

एनवायरमेंट पल्स डेस्क
केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में पर्यावरण को बचाने के लिए एक अनूठी पहल की गई है। यहां पर्यावरण को बचाने के लिए पूर्व सैनिकों की एक एनवायरमेंट प्रोटेक्शन फोर्स बनाई गई है। इन सैनिकों की संख्या 100 है। ये लोग लद्दाख के पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करेंगे।
इन पूर्व सैनिकों को उनकी जगहों पर ले जाने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाते हुए लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि इस केंद्रशासित प्रदेश का ईकोसिस्टम दुनिया के सबसे ऊंचाई वाले बेहद संवेदनशील ईकोसिस्टम में से एक है। यहां की जैव-विविधिता अद्भुत है। यहां पर तमाम वन्यजीव प्रजातियां रहती हैं, जो लुप्तप्राय हैं। इनके संरक्षण की विशेष जरूरत है। यह प्रोटेक्शन फोर्स इस दिशा में बेहतर काम करेगी।
उपराज्यपाल सक्सेना ने कहा कि इस केंद्रशासित राज्य में पर्यटन तो बहुत तेजी से बढ़ रहा है लेकिन उतनी ही तेजी से हमें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेवारियां भी निभानी होंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि पूर्व सैनिकों की यह फोर्स इंसानी गतिविधियों और पर्यावरण जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर काम करेगी। उन्होंने कहा कि यह फोर्स सामान्य लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।

