कहा-सोलर एनर्जी उत्पादन से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती
बिजली के बिल कम आने के साथ प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन भी घटेगा

एनवायरमेंट पल्स डेस्क
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी अपनी-अपनी छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल शीघ्रातिशीघ्र लगवाएं। इससे अधिक से अधिक सोलर एनर्जी का उत्पादन किया जा सके। मुख्य सचिव सरकारी व अर्धसरकारी भवनों में लगने वाले सोलर पैनल के कार्यों की शनिवार को समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने अपने कार्यालय के सभागार में शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कि सरकारी और अर्धसरकारी विभागों की छतों पर सोलर संयत्र लगने से सोलर एनर्जी का उत्पादन तो बढ़ेगा ही, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्वच्छ, हरित व आत्मनिर्भर ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देना है। इस कार्य के लिए सभी विभाग अपने यहां एक अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करें और इस दिशा में हुई प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
गोयल ने कहा कि सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक इस्तेमाल से न केवल सरकारी, अर्धसरकारी विभागों के बिजली के बिलों में कमी आएगी, बल्कि प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन भी घटेगा। इससे पर्यावरण के राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति में प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण बन सकेगी।


